मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात के बाद पटवारी एवं कानूनगो ने समाप्त की हड़ताल, ज्ञापन सौंपकर रखीं मांगें

सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए गंभीरता से कर रही है प्रयास : विपुल गोयल

चंडीगढ़ : हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल से पटवारी एवं कानूनगो प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों में आ रही समस्याओं सहित अपनी अन्य मांगों को विस्तारपूर्वक रखा। मुलाकात के बाद पटवारी एवं कानूनगो ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।

मंत्री विपुल गोयल ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत और आपसी समन्वय के माध्यम से किया जाना चाहिए।

विपुल गोयल ने कहा कि पटवारी एवं कानूनगो राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। भूमि रिकॉर्ड, इंतकाल, जमाबंदी, गिरदावरी सहित अनेक महत्वपूर्ण सेवाओं से आमजन सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। ऐसे में इन सेवाओं में किसी भी प्रकार का व्यवधान आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता है। हड़ताल समाप्त करने का पटवारी एवं कानूनगो का निर्णय जनहित में स्वागत योग्य है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों के साथ-साथ आमजन को समयबद्ध और सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उठाई गई मांगों को संबंधित विभाग एवं अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और नियमानुसार उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि प्रदेश में विकास एवं जनसेवा से जुड़े कार्य निर्बाध रूप से आगे बढ़ सकें। उन्होंने पटवारी एवं कानूनगो द्वारा हड़ताल समाप्त करने के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि अब वे पूरी निष्ठा के साथ अपने कार्यों पर लौटें और आमजन से जुड़े राजस्व कार्यों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें।
विपुल गोयल ने कहा कि सरकार हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है। कर्मचारियों की जायज समस्याओं पर सरकार संवेदनशीलता के साथ विचार करती है और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने के लिए हमेशा तत्पर है।

पटवारी एवं कानूनगो प्रतिनिधिमंडल ने भी मंत्री विपुल गोयल का उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने और सकारात्मक पहल के लिए आभार व्यक्त किया तथा ज्ञापन सौंपने के साथ ही हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!