भाजपा राज में रोटी, कपडा और मकान जुटाना हुआ मुश्किल : बलजीत कौशिक

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार को बताया हर मोर्चा पर विफल

फरीदाबाद, 2 अप्रैल। जिला कांग्रेस कमेटी फरीदाबाद के जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि भाजपा सरकार में आज हालात यह हो गए है कि आम लोगों को रोटी, कपडा और मकान जुटाना भारी हो गया है। दिन रोज बढ़ रही मंहगाई ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। आज न लोगों को एलपीजी गैस मिल रही और सर्कल रेट बढऩे से न ही मकान खरीद सकता है। वहीं सडक पर निकलते ही टोल-टैक्स देकर गुजरना पडता है। ऐसे में आमजन कैसे अपना गुजर बसर करे। जिलाध्यक्ष कौशिक जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के अध्यक्ष विनोद कौशिक, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष वेद प्रकाश यादव, पूर्व पार्षद अनिल शर्मा, जिला महासचिव मुकेश डागर, जिला संगठन महासचिव अशोक रॉवल, जिला सचिव एनके शर्मा, सरदार बलजीत सिंह अरोड़ा, प्रेम यादव भी मौजूद रहे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने भाजपा सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि टोल-टैक्स की दरें भारी बढ़ौत्तरी कर जनता पर अनावश्यक बोझ बढ़ा दिया गया है। कैसी विडंबना है कि एक ओर तो संसद में केन्द्रीय सडक मंत्री नितिन गडकरी यह कहते हैं कि 60 किलोमीटर से पहले कोई भी दूसरा टोल नहीं लगाया जा सकता और अगर कोई टोल है तो वह अवैध है जबकि फरीदाबाद चारों तरफ से टोल से घिरा हुआ है। बदरपुर बार्डर से मात्र 30 किलोमीटर की दूरी पर ही पृथला में टोल लगाया गया है जबकि उससे आगे 60 किलोमीटर दूर होडल में टोल है वहीं गुडगांव व सोहना जाने पर भी टोल लगता है और केजीपी पर छांयसा में भी टोल है। वहीं टोल रोडों की हालत खराब है। नेशनल हाईवे पर ही जाम रहता है और हाईवे पर पानी भर जाता है और कई जगह हाईवे रोड टूटा पडा है।
वहीं अगर बात करें मकान की तो भाजपा सरकार ने एक अप्रैल से 15 से 75 प्रतिशत तक सर्कल रेट बढ़ा दिए हैं, जिससे जमीनों के रेट बढ़ गए हैं और आम आदमी का घर लेने का सपना धूमिल होता नजर आ रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के रिवेन्यू मिनिस्टर फरीदाबाद के विधायक हैं, फिर यहां के लोगों पर क्यों अनावश्यक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने मांग की कि वह तुरन्त जनता के ऊपर पडने वाले इस बोझ को वापिस लें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में भी कलेक्टर रेट बढे थे तो उस समय उनके भाई स्व. आनंद कौशिक जी फरीदाबाद के विधायक थे, उन्होंने अन्य विधायकों को साथ लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर लोगों को राहत दिलाई थी।

जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने एलपीजी गैस का जिक्र करते हुए कहा कि एक ओर से मंत्री और जिला प्रशासन कह रहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है जबकि सभी गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी लाईन लगी है। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी कर तीन-तीन हजार में सिलेंडर बेके जा रहे हैं और कर्मशियल सिलेंडर के रेट 218 रूपये तक रेट बढा दिए है जबकि दूसरी तरफ कर्मशियल सिलेंडर देने बंद कर दिए हैं। इससे छोटे व्यापारियों का व्यापार ठप्प हो गया है। उन्होंने कहा कि मंत्री झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने केबिनेट मंत्री विपुल गोयल की विकास रैली पर भी खुलकर व्यंग कसे। उन्होंने कहा कि एक ओर तो विकास रैली का नाम दिया जा रहा है जबकि जमीन पर विकास कहीं दिख नहीं रहा। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद नरक सिटी में तब्दील हो गई है। चारों ओर गंदगी के ढेर और टूटी सडकें अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहीं हैँ।

उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में जितनी भी विकास योजनाएं दिख रही हैं वह सब कांग्रेस की दैन हैं। भाजपाई मंत्री और मुख्यमंत्री केवल जुम्ले फैंककर लोगों को गुमराह कर रहे हैं जबकि देश में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सडक से लेकर संसद तक आम गरीब, किसान व हर वर्ग की आवाज बुलंद कर रहे हैं। भाजपाई जातिवाद व धर्म की राजनीति करते हैं जबकि राहुल गांधी भाईचारे की भावना को आगे बढा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!