तम्बाकू निषेध जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत रैली का आयोजन, सचिव बिजेन्द्र सौरोत ने दिखाई हरी झंडी

फरीदाबाद : विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के नशा मुक्ति केंद्र में उपचाराधीन व्यक्तियों एवं एम.एस.डब्ल्यू. (MSW) इंटर्नशिप के विद्यार्थियों द्वारा तम्बाकू निषेध एवं नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने हेतु एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

इस रैली को जिला रेड क्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के सचिव बिजेन्द्र सौरोत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से प्रतिभागियों ने तम्बाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।

सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद, बिजेंद्र सोरोत ने एम.एस.डब्ल्यू. विद्यार्थियों द्वारा तम्बाकू निषेध एवं नशा मुक्ति विषय पर तैयार की गई आकर्षक ड्राइंग एवं पोस्टरों का अवलोकन भी किया तथा विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में नशामुक्ति का संदेश अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं, बल्कि परिवार एवं समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए।

कार्यक्रम में नशा मुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धर्मेंद्र, अमर, राजेश, पूजा त्यागी, महादेव, नीतीश , कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!