“पुलिस की पाठशाला” का आयोजन कर मानव रचना शिक्षण संस्थान में रेड क्रॉस स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा व नैतिक जिम्मेदारियों के प्रति किया जागरूक

फरीदाबाद : माननीय पुलिस आयुक्त फरीदाबाद के आदेशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं पुलिस उपायुक्त सेंट्रल के मार्गदर्शन में सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने मानव रचना शिक्षण संस्थान में आयोजित रेड क्रॉस स्वयंसेवकों के कैंप में “पुलिस की पाठशाला” का आयोजन किया।

इस दौरान स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा और नैतिक जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया गया।

साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर चर्चा करते हुए स्वयंसेवकों को बताया गया कि साइबर अपराधी मनोवैज्ञानिक खेल खेलते हैं, जिसमें वे लोगों को लालच या डर के माध्यम से फंसाते हैं अथवा उनकी खुद की लापरवाही का लाभ उठाते हैं।

स्वयंसेवकों को ऑनलाइन सुरक्षित रहने के तरीके समझाए गए, जिसमें प्रोफाइल लॉक रखना, टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्षम करना, अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करना, और संचार साथी पोर्टल की सहायता से अपने नाम पर जारी सिम की जांच करना शामिल है।

इसके अलावा, साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर क्राइम पोर्टल (cybercrime.gov.in) और राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पोर्टल (ncpcr.gov.in) के बारे में भी जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों को डिजिटल जागरूकता अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से सतर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने साइबर सुरक्षित रहने और अपनी नैतिक जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!