होली पर फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस का विशेष अभियान, तीन दिन में 5361 चालान

नशे में ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, गलत दिशा में ड्राइविंग पर कार्रवाई

फरीदाबाद : यातायात पुलिस फरीदाबाद द्वारा नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों के विरुद्ध अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। यातायात पुलिस फरीदाबाद द्वारा होली पर्व के मद्देनज़र 2 मार्च से 4 मार्च तक शहर में विशेष ट्रैफिक अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाना तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना रहा। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस की टीम द्वारा नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कुल 5361 चालान जारी किये गये। इनमें शराब पीकर वाहन चलाने के 172 चालान, ट्रिपल राइडिंग के 163 चालान, गलत दिशा में वाहन चलाने के 270 चालान, बिना नंबर प्लेट एवं गलत पैटर्न नंबर प्लेट के 156 चालान तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने के 2081 चालान शामिल हैं। यह अभियान विशेष रूप से उन वाहन चालकों के विरुद्ध चलाया गया जो लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर सड़क पर स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।

इस सख्त कार्रवाई के साथ-साथ फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें आमजन को होली के अवसर पर सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस द्वारा सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश प्रसारित कर लोगों को जागरूक किया गया, ताकि त्योहार के दौरान सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस उपयुक्त ट्रैफिक जयवीर सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सुरक्षित ड्राइविंग अपनाकर और नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस का लक्ष्य “दुर्घटना मुक्त फरीदाबाद” अभियान को सफल बनाना है, जिसके लिए आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की सूचना देने तथा किसी भी प्रकार की ट्रैफिक सहायता के लिए आमजन फरीदाबाद ट्रैफिक नियंत्रण कक्ष 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया ट्विटर (एक्स), फेसबुक तथा इंस्टाग्राम पर भी अपनी शिकायत या सूचना साझा कर सकते हैं तथा इन मंचों के माध्यम से ट्रैफिक से संबंधित ताज़ा जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!