सेंट पीटर्स स्कूल में ‘क्रिसमस कार्निवल 2025’ की भव्य धूम, सांता की मस्ती और लाइव बैंड की धुनों ने बांधा समां

फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : सेक्टर-16ए स्थित सेंट पीटर्स स्कूल में मंगलवार को ‘क्रिसमस कार्निवल 2025’ का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग और उत्सवपूर्ण वातावरण में किया गया। पूरा विद्यालय परिसर क्रिसमस की मनमोहक सजावट, झिलमिलाती रोशनी और बच्चों की किलकारियों से जगमगा उठा। इस कार्निवल ने न केवल विद्यार्थियों बल्कि अभिभावकों को भी उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।
बिशप जोसे पुथेनवेत्तिल ने दिया शांति और प्रेम का संदेश
समारोह के मुख्य अतिथि बिशप जोसे पुथेनवेत्तिल ने सिस्टर्स के साथ फूड स्टॉल्स का उद्घाटन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सर जेनेत और मैनेजर डॉ. सर नेन्सी अलिजाबेथ ने सभी को क्रिसमस की बधाई दी। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को प्रभु यीशु के जीवन से प्रेरणा लेने और प्रेम, शांति व आपसी भाईचारे के संदेश को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मानवता की सेवा का संकल्प दोहराया।
आकर्षण का केंद्र रहे गेम ज़ोन्स और सेल्फी पॉइंट
कार्निवल के दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। गेम ज़ोन्स, फन कॉर्नर, कॉटन कैंडी स्टॉल और आकर्षक सेल्फी पॉइंट्स पूरे समय आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने न केवल खेलों का आनंद लिया, बल्कि सजे-धजे सेल्फी पॉइंट्स पर अपनी यादों को कैमरे में कैद किया। इन गतिविधियों ने अभिभावकों का भी दिल जीत लिया और उन्होंने स्कूल प्रबंधन की जमकर सराहना की।
चार्ली चैप्लिन और सांता क्लॉज के साथ मस्ती
समारोह में बच्चों की खुशी उस समय सातवें आसमान पर पहुंच गई जब चार्ली चैप्लिन की वेशभूषा में कलाकार ने प्रवेश किया। बच्चों ने उनसे हाथ मिलाया और जमकर सेल्फी खिंचवाई। साथ ही, सांता क्लॉज की मौजूदगी ने उत्सव को और भी जादुई बना दिया। सांता ने बच्चों को उपहार और टॉफियाँ बाँटीं, जिससे पूरा माहौल ‘हो-हो-हो’ की गूंज से भर गया।

लाइव बैंड की धुन पर झूमे सभी
मंच पर प्रस्तुत लाइव बैंड की शानदार प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह संगीतमय बना दिया। क्रिसमस कैरल्स और सुरीली धुनों ने वहां मौजूद हर शख्स को झूमने पर मजबूर कर दिया। विद्यालय में छाई क्रिसमस की इस धूम ने सभी के मन को आनंदित कर दिया। कार्निवल के समापन पर सभी ने मिलकर प्रभु यीशु मसीह के जन्म का उत्सव मनाया और एक सुर में गाया “झूमो, नाचो खुशी में आज, यीशु पैदा हुआ।” सेंट पीटर्स स्कूल का यह क्रिसमस कार्निवल अपनी जीवंतता, उल्लास और मिलनसार वातावरण के कारण सभी के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।



