हरियाणा : जमीन फटी, 800 मीटर दूर तक 5 फीट गहरी दरार बनी !

महेंद्रगढ़ जिले के गांव खेड़ी (कांटी) में अचानक जमीन फट गई। सप्ताहभर पहले आए भूकंप के बाद हल्की दरार नजर आई थी, मगर दो दिन में हुई बरसात के बाद यह दरार फैल गई है। करीब 800 मीटर से ज्यादा दूर तक जमीन फटी हुई है। जो कि 1 से 1.5 फीट तक चौड़ाई में है। जमीन फटने की सूचना पर प्रशासन भी हरकत में आ गया। पंचायत विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों और भू-वैज्ञानिकों तक भी भिजवाई जा रही है।
खेड़ी ग्राम सरपंच नरेंद्र सिंह का कहना है कि गांव की बनी (जंगल) एरिया में जमीन फटी हैं। भूमि के अंदर बनी दरार की गहराई 5 से 6 फीट तक भी है। हालांकि बारिश के बाद इस दरार में कुछ जगह मिट्टी भी भर गई है। देखने में ऐसा भी महसूस नहीं हो रहा को इसमें आसपास की जमीन ढहकर गिर सकती है। इस प्राकृतिक आपदा से किसी तरह का बड़ा नुकसान तो नहीं है इसके बारे में तो सम्बन्धित विभाग के अधिकारी ही बता सकते हैं। मगर हमने ग्रामीणों को अलर्ट किया है कि इस दरार के आसपास ना जाएं। शनिवार को पंचायत विभाग के अधिकारियों ने दौरा किया है।



