प्याली-हार्डवेयर सड़क निर्माण की मांग को लेकर भूख हड़ताल जारी, पूर्व पार्षद जगन डागर ने किया समर्थन

फरीदाबाद : प्याली-हार्डवेयर सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनशनकारी बाबा रामकेवल के नेतृत्व में समाजसेवी अभिषेक गोस्वामी ने तीसरे दिन भी भूख हड़ताल जारी रखी। इस अवसर पर पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगन डागर ने धरना स्थल पर जाकर बाबा रामकेवल व अभिषेक गोस्वामी को समर्थन किया।
उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए पूर्व पार्षद जगन डागर ने कहा कि सड़क बनवाने की मांग को लेकर एक सन्यासी पिछले 30 दिनों से धरना दे रहा है तथा एक समाजसेवी पिछले तीन दिनों भूख हड़ताल पर बैठा है, लेकिन निगम के नकारा अधिकारी अभी तक सड़क निर्माण प्रक्रिया की कोई जानकारी तक देने धरनास्थल पर नहीं पहुंचे है। उन्होंने कहा कि वैसे तो बिना विकास कार्यों के मिलीभगत कर करोड़ों रूपए ठेकेदारों को दे दिए जाते है, लेकिन एक जायज समस्या जोकि पिछले कई वर्षों से चली आ रही है। इस सड़क की वजह से लाखों लोग परेशान है अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते है। क्योंकि उन्हें पता है कि इस सड़क में उन्हें किसी भी तरह का घोटाला करने को नहीं मिलेगा, इसलिए वह इस सड़क में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे है।
अनशनकारी बाबा रामकेवल ने कहा कि तीन दिनों में भूख हड़ताल पर बैठे समाजसेवी अभिषेक गोस्वामी का साढ़े छह किलो वजह कम हो चुका है। अगर अभिषेक गोस्वामी को कुछ भी हुआ तो इसकी जिम्मेदारी निगम अधिकारियों की होगी। इस अवसर पर स.प्रीतपाल सिंह, नरेश वैष्णव, हरजिन्दर सिंह मेंहदीरत्ता, संजय पांचाल, राजबीर गुरदासपुरिया, राजू बैंसला, प्रमोद भड़ाना, अशोक गोस्वामी, राजीव ठाकुर, भगवानदास डूडेजा, संतोष ब्रजवासी, राजेश शर्मा भगवानदास शर्मा, अवतार सिंह, रणजीत सिंह, कुलदीप सिंह सरदार, राकेश सहित अन्य लोग मौजूद थे।



