चोरी व लूट की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार

- चाकू की नोक पर देता था वारदात को अंजाम
फरीदाबाद : क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने चोरी लूट और अवैध हथियार सहित 10 मुकदमों के आरोपी अमीर उर्फ कतिरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ फरीदाबाद में चोरी, लूट, अवैध हथियार सहित 10 मुकदमे दर्ज है। आरोपी चाकू के दम पर लोगों को डरा-धमकाकर वारदात को अंजाम देता था।
क्राइम ब्रांच 48 प्रभारी राकेश सिंह की टीम ने गुप्त सूत्रों की सहायता से आरोपी को अवैध हथियार सहित पटेल चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध बटन दार चाकू बरामद किया गया, जिस आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना एसजीएम नगर में अवैध हथियार की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपी फरीदाबाद के एसजीएम नगर का निवासी है जो एक शातिर किस्म का अपराधी है। अपराध को इसने अपना पेशा बना रखा है। आरोपी चोरी तथा छीना झपटी की वारदातों में कई बार जेल भी जाकर आ चुका है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी सुरक्षा के लिहाज से अपने पास बटन दार चाकू रखता था ताकि यदि कभी वह लोगों द्वारा पकड़ा जाए तो उन्हें डरा धमका कर वहां से फरार हो सके। पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपी को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया गया है।



