साइबर थाना NIT की टीम ने साइबर ठगी के दो मामलों में दो आरोपित किए गिरफ्तार

फरीदाबाद : साइबर ठगी के मामलों में संलिप्त आरोपितों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस के साइबर थानों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में साइबर थाना NIT की टीम ने दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

मामला-1: फोन हैक होने के बाद खाते से कटे थे 58 हजार रुपये

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कुरैशीपुर, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि 24 अगस्त 2026 को अचानक उसका मोबाइल फोन हैक हो गया, जिसके बाद उसके बैंक खाते से 58,000 रुपये निकल गए। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने विकास कुमार निवासी संजय कॉलोनी, मुरैना, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मामले में खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से 30,000 रुपये आए थे। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

मामला-2: KYC के नाम पर साइबर ठगी, खाते से निकाले 97 हजार रुपये

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि उसने 15 सितम्बर 2026 को अपने एयरटेल नंबर पर रिचार्ज कराया था। डाटा प्लान में समस्या आने पर उसने 17 सितम्बर को गूगल पर एयरटेल कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। मिले नंबर पर संपर्क करने पर साइबर ठग ने स्वयं को एयरटेल अधिकारी बताकर KYC कराने की बात कही।

इसके बाद ठग ने व्हाट्सऐप के माध्यम से महिला के मोबाइल पर एक APK फाइल भेजी। फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल ने काम करना बंद कर दिया और स्क्रीन ब्लैक हो गई। बाद में बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि खाते से 97,000 रुपये निकाल लिए गए हैं।

मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने अभिषेक निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने मामले में मानव नामक व्यक्ति का बैंक खाता लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के 97,000 रुपये आए थे। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!