मिनी ट्रक व ऑटो चोरी के दो अलग-अलग मामलों में 2 आरोपित गिरफ्तार, चोरीशुदा वाहन बरामद

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा भूपानी की टीम ने मिनी ट्रक चोरी के मामले में एक आरोपित तथा अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने ऑटो चोरी के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर दोनों चोरीशुदा वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इकलास निवासी गांव मादलपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 सितंबर 2026 को उसने अपनी महिंद्रा सुप्रो गाड़ी गांव रन्हेड़ा खेड़ा स्थित सरकारी स्कूल के पास खड़ी की थी। अगले दिन सुबह वापस आने पर गाड़ी मौके से गायब मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गाड़ी चोरी कर ली गई थी।
मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा भूपानी की टीम ने आरोपित जुनैद निवासी गांव रन्हेड़ा, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरीशुदा मिनी ट्रक बरामद किया है।
इसी प्रकार अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने थाना एसजीएम नगर में दर्ज ऑटो चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित फेजान निवासी रबूपुरा, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर चोरीशुदा ऑटो बरामद किया है।
प्रवक्ता ने बताया कि दोनों आरोपितों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



