फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 4,43,68,974 रुपये की ठगी के मामले में दो गिरफ्तार, साइबर थाना NIT की कार्रवाई

फरीदाबाद : फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर लगभग 4.43 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में खाता ऑपरेटर रोहित निवासी बडौली, मोहाली (हाल निवासी जीरकपुर, पंजाब) को 16 अप्रैल को अंबाला से गिरफ्तार कर 3 दिन पुलिस रिमांड पर लिया था तथा खाता उपलब्ध करवाने वाले रवि रंजन निवासी पटना, बिहार (हाल निवासी सेक्टर-44, चंडीगढ़) को 18 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 24 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-9, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसकी एक डेटिंग वेबसाइट के माध्यम से एक युवती से जान-पहचान हुई। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल के जरिए दोनों के बीच बातचीत होने लगी। युवती ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। ठगों द्वारा उसका अकाउंट https://www.marketaxess.vip नामक वेबसाइट पर बनवाया गया। उसने अप्रैल से जून 2025 के बीच विभिन्न ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 4,43,68,974 रुपये निवेश कर दिए। बाद में जब उसने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो वह पैसे नहीं निकाल सका। इसके बाद साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपित रवि रंजन ने खाताधारक शाकिर के नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसे रोहित को सौंपा था। रोहित ने अपने मोबाइल फोन के माध्यम से उस खाते की नेट बैंकिंग सक्रिय कर खाता की जानकारी आगे ठगों तक पहुंचाई थी।

दोनों आरोपितों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!