अन्य विपक्षी पार्टियां डरी हुई हैं केवल कांग्रेस ही भाजपा को टक्कर दे सकती है : राज बब्बर

लखनऊ, 22 सितम्‍बर ! उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा है कि राज्य की 12 विधानसभा सीटों के लिए होने जा रहे उपचुनाव में उनकी पार्टी सत्तारूढ़ भाजपा को अकेले टक्कर दे सकती है क्योंकि अन्य विपक्षी पार्टियां डरी हुई हैं। बब्बर ने रविवार को कहा कि ईमानदारी से देखें तो अगर कोई पार्टी भाजपा से उपचुनाव में लड़ सकती है तो वह केवल कांग्रेस है। बाकी पार्टियां तो घबरायी नजर आ रही हैं। कांग्रेस पूरी गंभीरता से संघर्ष कर रही है और जमीन से जुड़े लोग अब धीरे-धीरे कांग्रेस की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बयान हमीरपुर तथा प्रदेश की 11 अन्य विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर दिया है। हमीरपुर में 23 सितम्‍बर को जबकि बाकी 11 सीटों पर 21 अक्‍टूबर को उपचुनाव होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के झूठे वादों, प्रदेश की खराब कानून-व्यवस्था, महिलाओं में असुरक्षा की भावना तथा बच्चों के प्रति हो रहे अपराधों को उपचुनाव में मुद्दा बनाएगी। लोग ‘पागल’ नहीं हैं, वह भी सब कुछ देख रहे हैं। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का जिक्र करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर भाजपा को किसी नेता से डर है तो वह प्रियंका ही हैं, क्योंकि भाजपा प्रियंका की ओर से उठाए गए किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे पा रही है। सबसे अहम बात यह है कि लोग प्रियंका की ओर से उठाये जाने वाले मुद्दों से खुद को जोड़ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!