दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 हजार रुपये बरामद

क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, झगड़े, आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट के 7 मामले दर्ज

फरीदाबाद, 20 अगस्त : फरीदाबाद पुलिस द्वारा चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान सौरव उर्फ पेंगा निवासी कृष्णा कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगदी में से 5,000 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना ओल्ड फरीदाबाद में अमरनाथ, निवासी पुरानी सब्जी मंडी ने शिकायत दी थी कि 22 जून की रात उसके घर के नीचे बनी दुकान का ताला तोड़कर कोई अज्ञात व्यक्ति दुकान से नगदी चोरी कर ले गया।

शिकायत के आधार पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरव उर्फ पेंगा को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने शिकायतकर्ता के घर के नीचे बनी दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया था और वहां से नगदी चोरी कर फरार हो गया था। अपराध शाखा की टीम ने आरोपी से चोरी की गई रकम में से 5,000 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सौरव उर्फ पेंगा के खिलाफ पहले भी चोरी, लड़ाई-झगड़े, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 7 मामले दर्ज हैं।

आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों तथा उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!