दर्शन लाल जैन राज्य पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित

फरीदाबाद, 21 मई। उपायुक्त जितेंद्र यादव ने बताया कि आजादी अमृत महोत्सव के तहत पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों हेतु पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, हरियाणा ने दर्शन लाल जैन राज्य पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। उक्त पुरस्कार चयनित उम्मीदवारों को 5 जून, 2022 को विश्व पर्यावरण दिवस समारोह में वितरित किए जाएंगे। पुरस्कार से संबंधित विवरण विभाग की वेबसाइट http://harenvironment.gov.in/ पर भी उपलब्ध है।

डीसी जितेंद्र यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मार्च 2022 में हुए हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे प्रदूषण नियंत्रण (जल और वायु), प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, विभिन्न प्रकार के कचरे के प्रबंधन और पर्यावरण मुद्दों पर आम जनता के बीच जागरूकता पैदा करने हेतु किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के लिए हरियाणा के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता दर्शन लाल जैन के नाम पर एक नया पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा चयनित लोगों को दो पुरस्कार दिए जाएंगे और उन्हें प्रशस्ति पत्र तथा 3 लाख रुपए व एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। इन पुरस्कारों के लिए संगठन / संस्थान, सरकारी विभाग, व्यक्ति, गैर सरकारी संगठन, स्कूल, कॉलेज और निजी संस्थाएं, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण में अनुकरणीय कार्य किया है, के लिए पात्र होंगे।

डीसी ने बताया कि दर्शन लाल जैन राज्य पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार के लिए पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा आमंत्रित नामांकन महानिदेशक, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के कार्यालय, बे नंबर- 55-58, द्वितीय तल, सेक्टर-2, पंचकूला में या हार्ड कॉपी (पोस्ट/दस्ती) या ईमेल environment@hry.nic.in के माध्यम से 28 मई, 2022 को शाम 5 बजे से पहले भेज सकते हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!