फरीदाबाद पुलिस ने दो दिवसीय विद्यार्थी जागरूकता अभियान के तहत स्कूलों में लगाई ‘पुलिस की पाठशाला’
छात्राओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक, परेड और आत्मरक्षा का भी दिया प्रशिक्षण

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने तथा उनमें अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से लगातार विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद द्वारा 12 एवं 13 नवंबर 2026 को स्टूडेंट पुलिस कैडेट (SPC) कार्यक्रम एवं ‘पुलिस की पाठशाला’ के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
12 नवंबर को स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को पुलिस थाने की कार्यप्रणाली एवं पुलिस की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया गया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर ESI विनोद एवं मास्टर ट्रेनर कांस्टेबल मनोज ने विद्यार्थियों को परेड एवं सैल्यूट करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों एवं आत्मरक्षा (Self Defence) के संबंध में भी जानकारी दी गई।

वहीं 13 नवंबर को थाना सीही सेक्टर-8 एवं सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम द्वारा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सीही में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 1200 छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें तथा अपनी OTP, पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाने के लिए भी जागरूक किया गया।
महिला सुरक्षा के संबंध में छात्राओं को डायल-112 की आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा एवं दुर्गा शक्ति ऐप की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति या असुरक्षा का सामना करने पर बिना किसी संकोच के पुलिस सहायता लें।
दोनों कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार एवं भविष्य को बर्बाद कर सकता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने तथा खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने फरीदाबाद पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फरीदाबाद पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ उन्हें जागरूक, सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है।



