सेक्टर-55 में फरीदाबाद पुलिस ने चलाया नशा मुक्ति एवं जागरूकता अभियान, लोगों को किया जागरूक

फरीदाबाद : हरियाणा पुलिस द्वारा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी सेक्टर-55 की ओर से सेक्टर-55 स्थित सामुदायिक केंद्र में नशा मुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस चौकी प्रभारी एवं आचार्य कर्मवीर जी ने विशेष रूप से भाग लिया जिसमें सेक्टर-55 व 56 की RWA के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के निवासियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आचार्य कर्मवीर जी ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। नशे से दूर रहकर ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल जीवन का निर्माण किया जा सकता है।

इस दौरान उपस्थित लोगों को आपातकालीन सहायता के लिए डायल-112, साइबर हेल्पलाइन-1930, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही नशे से संबंधित शिकायत एवं सूचना देने के लिए MANAS ऐप के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 200 से 250 लोगों को जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने, युवाओं को नशे के प्रति सचेत करने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में सामूहिक भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। फरीदाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें और एक स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!