खाना ऑर्डर के रिफंड के बहाने युवती का मोबाइल हैक कर 12.50 लाख रुपये ठगे, पंजाब के 4 आरोपी गिरफ्तार

साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने पटियाला से दबोचे चारों आरोपी

  • पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7.50 लाख रुपये करवाए फ्रीज, 5 लाख रुपये की कराई रिकवरी, तीन मोबाइल फोन भी बरामद
  • अमेजन पे पर डोसा तवा ऑर्डर करने के बाद ठगी का हुई शिकार, गूगल पर कस्टमर केयर नंबर तलाशना पड़ा महंगा

फरीदाबाद : साइबर अपराधी ऑनलाइन खरीदारी और रिफंड के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने खाना ऑर्डर के पैसे रिफंड कराने के बहाने युवती का मोबाइल फोन हैक कर उसके खाते से 12.50 लाख रुपये ठगने के मामले में पंजाब के पटियाला से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। साथ ही त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 7.50 लाख रुपये फ्रीज करवाए तथा 5 लाख रुपये की रिकवरी की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरिंद्र, महेश, रोहित और टोनी, निवासी पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर- 15A, फरीदाबाद निवासी एक युवती ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी कि 27 सितंबर को उसने गूगल पर अमेजन पे की वेबसाइट के माध्यम से डोसा तवा ऑर्डर किया था। इसके लिए उसके खाते से 2,310 रुपये कट गए, लेकिन जब उसने अमेजन पे पर ऑर्डर हिस्ट्री चेक की तो वहां कोई ऑर्डर दर्ज नहीं मिला।

इसके बाद युवती ने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर तलाशकर संपर्क किया। कथित कस्टमर केयर प्रतिनिधियों ने उसे अपनी बातों में उलझाकर उसका मोबाइल फोन हैक कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उसके बैंक खाते से कुल 12.50 लाख रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

टेलीग्राम से खरीदते थे अमेजन गिफ्ट वाउचर, ब्लिंकिट के जरिए खपाते थे रकम

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अमरिंद्र टेलीग्राम के माध्यम से टोनी से अमेजन के गिफ्ट वाउचर खरीदता था। इसके बाद इन वाउचर का इस्तेमाल कर ब्लिंकिट वेबसाइट से सामान खरीदा जाता था। आरोपी अमरिंद्र ब्लिंकिट से खरीदा गया सामान महेश और रोहित को कम कीमत पर बेच देता था। इस प्रकार ठगी की रकम को सामान की खरीद-फरोख्त के माध्यम से इस्तेमाल किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। ठगी की रकम में से 7.50 लाख रुपये बैंक खातों में फ्रीज करवाए गए हैं, जबकि 5 लाख रुपये की रिकवरी की गई है।

फरीदाबाद पुलिस की आमजन से अपील है कि ऑनलाइन खरीदारी के दौरान केवल संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर उपलब्ध कस्टमर केयर नंबर का ही इस्तेमाल करें। गूगल पर मिले अनजान नंबरों पर भरोसा न करें और किसी के कहने पर मोबाइल में रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!