लोगों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने तथा झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर अवैध वसूली करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, मां-बेटी सहित दो महिला आरोपी काबू

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सतेंद्र गुप्ता, IPS के दिशा-निर्देशों तथा डीसीपी क्राइम जयवीर राठी एवं एसीपी क्राइम आमन यादव के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच बड़खल की टीम ने प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह की दो महिला आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की है।
आरोपियों के वारदात करने का तरीका (Modus Operandi):
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों महिला आरोपी आपस में मां-बेटी हैं और बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देती थीं। आरोपी टिंडर (Tinder) ऐप के माध्यम से लोगों को दोस्ती एवं फ्रेंडशिप के झूठे अनुरोध भेजकर अपने संपर्क में लाती थीं। इसके बाद उन्हें मिलने के बहाने होटल में बुलाया जाता था। होटल में मुलाकात के दौरान आरोपियों द्वारा पीड़ितों को नशीला पदार्थ पिलाकर उनके साथ लूटपाट की जाती थी और वारदात के बाद मौके से फरार हो जाती थीं।
इसके अतिरिक्त, जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिलाओं द्वारा ऐसे व्यक्तियों को निशाना बनाया जाता था, जिनकी आर्थिक स्थिति अच्छी प्रतीत होती थी। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध आरोपियों द्वारा थानों में झूठी दुष्कर्म (रेप) की शिकायत देने की धमकी अथवा शिकायत दर्ज करवाकर उन्हें कानूनी कार्रवाई में फंसाने का भय दिखाया जाता था। इसके बाद शिकायत के डर से पीड़ितों पर दबाव बनाकर उनसे पैसों की मांग की जाती थी तथा अवैध रूप से धनराशि वसूलने (Extortion) का प्रयास किया जाता था।
अंतरराज्यीय स्तर पर वारदातों की आशंका:
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा अंडमान, सूरत तथा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भी इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देने की जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों, गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा लूट एवं अवैध वसूली से संबंधित मामलों का पता लगाया जा सके।



