ढहकोला गांव में भाई ने की भाई की हत्या !

- मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर जेठ, जेठानी और उसके लड़के के खिलाफ तिगांव थाने में मुकदमा दर्ज, आरोपियों को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार
फरीदाबाद : सुबह थाना तिगांव में सूचना प्राप्त हुई थी कि ढहकोला गांव में एक 40 वर्षीय युवक की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही डीसीपी बल्लबगढ़ कुशल सिंह, एसीपी तिगांव सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी अशोक तथा एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया गया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि मृतक विक्रम की पत्नी नीरज की शिकायत के अनुसार उसके पति और पति के बड़े भाई आरोपी वीरेंद्र के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। 25 अगस्त को सुबह आरोपी वीरेंद्र, उसकी पत्नी तथा बेटे अभिषेक ने विक्रम के साथ उसके खेत में झगड़ा किया जिसमें आरोपियों ने विक्रम के सिर में चोट मारकर उसकी हत्या कर दी। पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश की जा रही है जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।



