लेडी डॉक्टर प्रियंका रेड्डी को न्याय दिलाने की मुहिम शुरू
फरीदाबाद 1 दिसम्बर। हैदराबाद की लेडी डॉक्टर प्रियंका रेड्डी को न्याय दिलाने की मुहिम शुरू हो गई है। इसके लिए ट्विटर व फेसबुक पर लोग लगातार ट्वीट व शेयर कर रहे हैं। दरअसल, पशु चिकित्सक की जली हुई लाश हैदराबाद के बाहरी इलाके शादनगर के अंडरपास के पास मिली थी।
अखिल भारत हिंदू महासभा के तत्वधान में डॉ प्रियंका रेड्डी को इंसाफ दिलाने के लिए फरीदाबाद शहर की सभी सामाजिक संगठनों ने बीके चौक पर कैंडल मार्च निकाला और आरोपियों को फांसी देने की मांग की। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में डॉक्टर की तस्वीर लगे बैनर पकड़े थे। सभी ने एक मिनट का मौन रखकर पीडि़ता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। कैंडल मार्च में अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा बबली, मिशन जागृति प्रवेश मलिक, यू सोसाइटी हरियाणा से सुरेश सिंह, जिला टैक्स बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट संदीप सेठी, अशोक डी स्टार, मानव सेवा दल से संजीव कुशवाहा, संस्कार फाउंडेशन से परमिता चौधरी, युवा आगाज से जसवंत पवार सैनी, भुवनेश्वर शर्मा, जगविजय वर्मा, उमेश कुंडू, सुमित रावत, सपना शर्मा, रहमानी आदि लोग व सभी संगठन उपस्थित रहे।
क्या है पूरा मामला
पशु चिकित्सक कोल्लुरु स्थित पशु चिकित्सालय गई थीं। उन्होंने अपनी स्कूटी को शादनगर के टोल प्लाजा के पास पार्क कर दिया था। रात में जब वह लौटी तो उनकी स्कूटी पंचर थी। इसके बाद उन्होंने अपनी बहन को फोन किया और इसकी जानकारी दी। उन्होंने बहन से कहा कि मुझे डर लग रहा है। इस पर बहन ने उन्हें टोल प्लाजा जाने और कैब से आने की सलाह दी थी।
लेडी डॉक्टर ने कहा कि कुछ लोगों ने मदद की पेशकश की है और थोड़ी देर बाद कॉल करती हूं। इसके बाद उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने शादनगर टोल प्लाजा के पास लेडी डॉक्टर की खोजबीन की, लेकिन वह नहीं मिलीं। सुबह शादनगर के अंडरपास के पास उसकी जली हुई लाश मिली।