मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन फरीदाबाद (MAF) एवं टाटा सोलर के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर

फरीदाबाद 30 जनवरी (मनीष शर्मा) : मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन फरीदाबाद (MAF) एवं टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टाटा सोलर) के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करना, ऊर्जा लागत में कमी लाना तथा उद्योगों को सतत, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराना है।
इस एमओयू के अंतर्गत टाटा सोलर द्वारा MAF से संबद्ध उद्योगों को सौर ऊर्जा समाधान, तकनीकी सहयोग, परामर्श सेवाएं एवं नवीन ग्रीन एनर्जी विकल्प प्रदान किए जाएंगे। यह साझेदारी फरीदाबाद के औद्योगिक क्षेत्र को हरित ऊर्जा की दिशा में अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर MAF की ओर से रामनीक प्रभाकर ने कहा कि यह समझौता उद्योगों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं सुखदेव सिंह ने कहा कि टाटा सोलर जैसी प्रतिष्ठित संस्था के साथ यह सहयोग औद्योगिक विकास एवं स्थिरता के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा।

टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड की ओर से कार्तिक देव (रीजनल सेल्स मैनेजर), परेश कुमार (रीजनल ट्रेड मार्केटिंग मैनेजर – RTM), अतीश कुमार (मार्केट डेवलपमेंट ऑफिसर) एवं मानसवी शर्मा (सेल्स हेड) उपस्थित रहे।
MAF की ओर से पुष्पिंदर सिंह (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट), सुनील सचदेवा (वाइस प्रेसिडेंट) सहित एसोसिएशन के अन्य प्रमुख पदाधिकारीगण भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
यह एमओयू फरीदाबाद के उद्योगों को ग्रीन एनर्जी अपनाने, कार्बन फुटप्रिंट कम करने तथा दीर्घकालिक ऊर्जा समाधान सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगा।



