हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने बाढ़ नियंत्रण को लेकर की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

फरीदाबाद : हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने राज्य के सभी उपायुक्तों को बाढ़ नियंत्रण के लिए चल रही विभिन्न अल्पावधि योजनाओं पर कार्य तेज करने और स्थलों का व्यक्तिगत रूप से दौरा कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिये। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण ड्रेनों की सफाई और अन्य बाढ़ नियंत्रण उपायों पर 30 जून, 2022 तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिये।

मुख्य सचिव आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में बाढ़ नियंत्रण की चल रही तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।

उन्होंने उपायुक्तों को संबंधित जिलों में सभी बाढ़ नियंत्रण उपायों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ बचाव कार्य की प्रगति की समीक्षा करने के लिए व्यक्तिगत रूप से स्थल का दौरा करें और सभी कार्यों को शीघ्रातिशीघ्र पूरा किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ड्रेनों व चैनलों की सफाई के लिए गाद निकालने के कार्य को 30 जून तक अवश्य पूरा कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि बरसाती पानी की निकासी के लिए किसी भी क्षेत्र में पम्पों की कमी नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक जिला अधिकारी अस्थायी बिजली कनेक्शन समय पर लेना सुनिश्चित करें ताकि आवश्यकता पड़ने पर किसी प्रकार की समस्या न आये। उन्होंने कहा कि सभी पम्प सेट काम करने की स्थिति में हो और स्थाई व अस्थाई पम्प लगाने के स्थान चिन्हित किये जायें।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किये जायें। उसमें 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती की जाये। उन्होंने कहा कि गंभीर एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए गांव के स्तर पर ग्राम सचिव एवं पटवारियों की तैनाती की जाये।

बैठक में उपायुक्त जितेंद्र यादव, सीटीएम नसीब कुमार, जिला राजस्व अधिकारी बिजेंदर राणा, सिंचाई विभाग से एसएफ इरीगेशन राजीव बत्रा और अश्विनी फोगाट सहित कई अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!