अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस – महिलाएं बना रही समाज को शिक्षित व प्रगतिशील

फरीदाबाद : राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में जूनियर रेडक्रॉस, सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड और गाइडस ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने कहा कि 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 1996 से इस दिवस को एक स्पेशल थीम के साथ मनाना शुरू किया था। इसके बाद हर वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को अलग थीम के साथ मनाया जाता है। महिलाओं की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक तथा विभिन्न क्षेत्रों में भागीदारी बढ़ाने और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के लिए इस दिवस को मनाया जाता है। इसके साथ ही इस दिवस को मनाने के पीछे एक कारण विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं के प्रति सम्मान प्रकट करना भी है।
प्राचार्य, जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड प्रभारी रविन्द्र कुमार मनचंदा ने बताया कि इस वर्ष की थीम वुमेन इन लीडरशिप – अचिविंग एन इक्वल फ्यूचर इन ए कोविड-19 वर्ल्ड है। आज की महिला निर्भर नहीं हैं। वह हर मामले में आत्मनिर्भर और स्वतंत्र हैं और पुरुषों के बराबर सब कुछ करने में सक्षम भी हैं। हमें महिलाओं का सम्मान जेंडर के कारण नहीं, बल्कि स्वयं की पहचान के लिए करना होगा। हमें यह स्वीकार करना होगा कि घर और समाज की बेहतरी के लिए पुरुष और महिला दोनों समान रूप से योगदान करते हैं। यह जीवन को लाने वाली महिला है। हर महिला विशेष होती है, चाहे वह घर पर हो या ऑफिस में अथवा किसी भी कार्य क्षेत्र में कार्यरत हो, उसकी भिन्न पहचान और अस्तित्व होता है। वह अपने आस-पास की दुनिया में बदलाव ला रही हैं, और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बच्चों की परवरिश और घर बनाने में एक प्रमुख भूमिका भी निभाती है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उस महिला की सराहना करें और उसका सम्मान करें जो अपने जीवन में सफलता हासिल कर रही हैं और अन्य महिलाओं और अपने आस-पास के लोगों के जीवन में सफलता ला रही हैं।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा ने सभी महिलाओं को इस विशेष दिवस की बधाई देते हुए कहा कि किसी के बारे में सार्वजनिक रूप से कुछ बोलने से पहले जरूरी है कि उनके बारे में अच्छी सोच रखें। जब अच्छी भावना और अच्छी सोच के साथ पब्लिक-प्लेस पर बोलेंगे तो सभी को अच्छा लगेगा और आपको भी सम्मान मिलेगा, महिलाओं को समाज में ऊंचा दर्जा दिया गया है कहा भी गया है “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” । आज इसी उपलक्ष्य में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा, प्राध्यापिका जसनीत कौर, मोनिका, दीपिका और शिवम वाधवा ने छात्राओं ज्योति, निशा; अंजलि, नूरी; महक मलिक शबनम; तथा कोमल और मधु ने पेंटिंग और सलोगन लेखन में क्रमशः प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने पर बधाई देते हुए अभिनन्दन किया।



