ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जन जागृति अभियान बनेगा यमुना जी के अविरलता एवं निर्मलता का महामंत्र : संत जय कृष्ण दास

- यमुना रक्षक दल के ग्रामीण यमुना जल जन जागृति अभियान का शंखनाद
फरीदाबाद : यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम संत जय कृष्ण दास महाराज के सानिध्य एवं निर्देशन में यमुना जल जन जागृति अभियान का शुभारम्भ तिगांव से किया गया। यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ आर. एन. सिंह के शंखनाद एवं संक्षिप्त निर्देशन के साथ यमुना भक्तों की यात्रा का शुभारम्भ किया गया। यात्रा मार्ग में विभिन्न जगहों पर संत जय कृष्ण दास महाराज का भव्य स्वागत किया गया।
फैज्जुपुर खादर स्थित सचिवालय मैदान (ग्राउंड) में पूजा अर्चना के उपरान्त यमुना प्रेमी भक्तों की सभा का आयोजन किया गया। फैज्जुपुर खादर की सरपंच मंजू बाला ने अपने स्वागत भाषण में संत जय कृष्ण दास महाराज का स्वागत तथा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह यमुना तट पर अवस्थित विभिन्न गाँवों के लिए अत्यंत सौभाग्यशाली होगा जहाँ परम संत जय कृष्ण दास महाराज यमुना जल जागृति हेतु भ्रमण करेंगे। इस अवसर पर यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ आर. एन. सिंह ने अपने संबोधन में ग्रामीण यमुना भक्तों को आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यमुना जी के अविरलता एवं निर्मलता हेतु चल रहा अभियान एक निर्णायक मोड़ पर है, इसमें आप ग्रामीण यमुना भक्तों की आहुति स्वर्णिम इतिहास रचने का पुनीत कार्य करेगा। निश्चित ही ईश्वर की असीम कृपा है जिससे महान कर्मयोगी परम संत जय कृष्ण दास महाराज का सानिध्य एवं आशीर्वचनों का लाभ हम सभी यमुना प्रेमी भक्तों को मिलेगा।
यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परम संत जय कृष्ण दास महाराज ने दिनांक 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक यमुना जल जन जागृति हेतु सघन पदयात्रा के उद्देश्यों को विस्तार बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में यमुना जी को हथिनी कुण्ड में बंदी बना लिया गया है तथा प्राकृतिक मार्ग में विभिन्न प्रकार के प्रदूषकों का बेखौफ तथा अनवरत बहाव हम सभी यमुना प्रेमी भक्तों के साथ घोर अन्याय है। कालिया नाग ने भी यमुना जी को इतना प्रदूषित नहीं किया था उससे अधिक जहरीली अब बन गईं हैं। यमुना जी को निर्मल तथा अविरल बनाने के लिए आगामी एक सप्ताह तक विस्तृत चर्चा करूँगा। इस अवसर पर फैज्जुपुर खादर निवासी यमुना रक्षक दल फरीदाबाद ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकारी अध्यक्ष प्रशान्त भाटी ने उपस्थित सभी यमुना प्रेमी भक्तों को धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सैकड़ों गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।



