खेल हमारी दिनचर्या में शामिल हों : मनचन्दा

फरीदाबाद ! राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एन एच तीन फरीदाबाद की सैंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, जूनियर रेडक्रॉस और गाइडस के संयुक्त तत्वाधान में प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के महान खिलाड़ी और हांकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन किया। ब्रिगेड प्रभारी, जूनियर रेडक्रॉस काउन्सलर तथा प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को हॉकी के महान् खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के दिन मनाया जाता है। दुनिया भर में ‘हॉकी के जादूगर’ के नाम से प्रसिद्ध भारत के महान् व कालजयी हॉकी खिलाड़ी ‘मेजर ध्यानचंद सिंह’ जिन्होंने भारत को ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक दिलवाया, उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए उनके जन्मदिन 29 अगस्त को हर वर्ष भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध से पहले के वर्षों में खेल में हावी रहने वाली भारतीय हॉकी टीम के स्टार खिलाड़ी, ध्यान चंद सिंह ने 1928, 1932 और 1936 के ग्रीष्मकालीन ओलंपिक में भारत को ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने और अपनी पहली हैट्रिक पूरी करने में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रपति भवन में भारत के राष्ट्रपति खेलों में विशेष योगदान देने के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित करते हैं, जिसमें राजीव गांधी खेल रत्न, ध्यानचंद पुरस्कार और द्रोणाचार्य पुरस्कारों के अलावा तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार प्रमुख हैं। इस अवसर पर खिलाड़ियों के साथ-साथ उनकी प्रतिभा निखारने वाले प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया जाता है।
प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा ने कहा कि खेल हमारी दिनचर्या में शामिल हों ! वर्षों से सरकार द्वारा इस दिन का उपयोग विभिन्न खेल योजनाओं को शुरू करने तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक मंच के रूप में भी किया जा रहा है, जिसमें खेलो इंडिया मूवमेंट भी शामिल है, जिसकी घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में की थी। प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचन्दा, एक्टिविटी कॉर्डिनेटर प्राध्यापिका जसनीत कौर तथा निशा जांगड़ा ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेलों के महत्व को दर्शाते हुए वर्चुअल पोस्टर बनाने वाली छात्राओं शिवानी, भावना और शकीना की प्रशंसा की और हॉकी के अद्भुत खिलाड़ी और भारतीय हॉकी को वैश्विक शिखर तक पहुंचने में जादूगर मेजर ध्यानचंद के अद्वितीय योगदान को नमन किया।



