परिजनों से नाराज होकर निकली 15 वर्षीय युवती 15 दिन बाद नोएडा से बरामद

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस के पास प्रतिदिन किसी न किसी के गुमशुदा होने की सूचनाऐं प्राप्त होती है। 15 दिन पहले चौकी नवीन नगर में एक व्यक्ति ने आकर यह सूचना दी कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री घर से बिना बताये कहीं चली गई है। लडक़ी के पिता की शिकायत पर थाना पल्ला में मुकदमा दर्ज करके लडक़ी की जांच शुरू की गई। पल्ला थानाध्यक्ष कृपाराम के नेतृत्व में टीम गठित कर लडक़ी को ढूँढने का प्रयास शुरू किया गया।
पुलिस टीम के सदस्यों ने गुप्त सूत्रों व तकनीकी के आधार पर कड़ी मशक्कत करते हुए नाबालिक लडक़ी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से बरामद कर लिया। बरामद लडक़ी को पुलिस पल्ला थाना ले आई और लडक़ी के परिवार वालों को भी थाने में बुला लिया गया।
लडक़ी के परिजनों के सामने पुलिस ने उससे बिना बताये घर से जाने का कारण जानना चाहा तो लडक़ी ने बताया कि उसके अभिभावक उसकी भावनाओं का सम्मान नही करते हैं और उसकी मां बिना वजह उसे डांटती रहती है। इसी बात से वह नाराज होकर घर से चली गई थी।
पुलिस ने विधि-सम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए लडक़ी को उसके परिजनों को सौंपते हुए कहा कि आजकल के बच्चे हँसी-मजाक में कही हुई बात का भी बुरा मान लेते हैं और अनुचित कदम उठा लेते हैं। अभिभावकों को उनके बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखकर भावनाओं को समझते हुए ही व्यवहार करना चाहिए। अपनी पुत्री को सकुशल वापस पाते हुए उनके परिजनों ने फरीदाबाद पुलिस का हृदय से आभार जताया।



