फरीदाबाद : यूनाइटेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने स्कूलों की पांचवी से आठवीं तक की कक्षाएं चालू करने की मांग की

फरीदाबाद : पूरे देश में कोरोना का प्रकोप घटता जा रहा है। वहीं कोरोना वैक्सीन के आ जाने से भी लोगों का उत्साह बढ़ रहा है। इस बात को ध्यान में रखते हुए यूनाइटेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने सभी स्कूलों की पांचवी से आठवीं तक की कक्षाएं चालू करने की मांग करनी शुरू कर दी है। स्कूल एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष नंदराम पाहिल के नेतृत्व में कई स्कूल प्रबंधक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रितु चौधरी से मिले। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और मांग की कि पांचवी से आठवीं तक के स्कूलों को खोलने की अनुमति दी जाए।
इस मौके पर महासचिव राजेश मदान, कोषाध्यक्ष डॉ अमित जैन, उपाध्यक्ष सतीश फोगाट, झम्मन लाल शर्मा, मानव, के पी सिंह, विजय सिंह तथा जोगेंद्र गेरा उपस्थित रहे। नंदराम पाहिल और राजेश मदान ने कहा कि कई महीने से स्कूल पूरी तरह बंद थे, अब स्थितियों को ध्यान मे रखते हुए अगर सभी कक्षाएं लगने लगेंगी तो स्कूलों की स्थिति बेहतर हो पाएगी, स्कूल प्रबंधक आर्थिक संकट से उबर पाएंगे, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।



