भाजपा देशभर में अराजकता का माहौल खड़ा कर रही है : विजय कौशिक

फरीदाबाद। निकिता हत्याकांड में कांग्रेस का नाम घसीटे जाने पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी विजय कौशिक ने कहा कि अपराधी किसी भी पार्टी का क्यों न हो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। विजय कौशिक निकिता के परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे थे। मीडिया प्रभारी ने उक्त मामले में भाजपा और विश्व हिन्दू परिषद् के नेताओं के बयानों पर हैरानी जताते हुए कहा कि वे जिस तरह इसे लव जिहाद का मामला बता रहे हैं तो 6 साल तक सत्ता में रहते भाजपा लव जिहाद के खिलाफ कोई कानून क्यों नहीं बना पाई। अच्छा तो ये होता कि इस संबंध में सरकार ठोस कानून बनाती और लव जिहाद में दोषी पाए जाने वाले को 10 साल की सजा का प्रावधान लाती। श्री कौशिक ने कहा कि निकिता हत्याकांड का मामला फास्ट ट्रेक कोर्ट में चलाया जाना चाहिए और दोषियों को जल्द फांसी दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा के बयानों से अब यह साफ हो गया है कि सरकार ने इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए। निकिता हत्याकांड को भाजपा जिस तरह लगातार लव जिहाद से जोड़ कर देख रही है, उससे वह खुद ही अपने जाल में फंसती जा रही है। हरियाणा वा केंद्र में भाजपा की सरकारें होने के कारण इस मामले में उसी की विफलता माना जा रहा है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी विजय कौशिक ने कहा कि भाजपा देशभर में अराजकता का माहौल खड़ा कर रही है। वह हर मोर्चे पर विफल हो रही है। प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। अब तो विश्व हिन्दू परिषद के नेता भी खुलकर हरियाणा की प्रशासनिक विफलता पर सवाल उठा रहे हैं। इससे साबित होता है कि खट्टर सरकार खुद भाजपा और विश्व हिन्दू परिषद के निशाने पर आ गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!