हरियाणवी गायिका का शव हरियाणा के मेहम से मिला, हत्या के बाद शव को दफना दिया गया था

नयी दिल्ली : कुछ दिन पहले लापता हुई एक हरियाणवी गायिका का शव हरियाणा के मेहम से मिला है और उसकी हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या के बाद शव को मेहम में दफना दिया गया था।

पुलिस ने बताया कि संगीता उर्फ दिव्या 11 मई से लापता थी और उसके परिवार ने 14 मई को इस संबंध में दिल्ली के जफरपुर कलां इलाके में शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने बताया कि शुरुआत में यहां जेपी कलां थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 365 (गलत तरीके से व्यक्ति को कैद करने के इरादे से अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान रवि और अनिल को शनिवार को मेहम में गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गायिका की हत्या का षड्यंत्र रचा था।

उन्होंने बताया कि पुलिस को रविवार को संगीता का शव मिला और मामले में हत्या संबंधी धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी के साथ तनावपूर्ण संबंधों को लेकर यह घटना हुई थी।

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) शंकर चौधरी ने बताया कि आरोपियों ने एक संगीत वीडियो बनाने के बहाने उससे संपर्क किया था। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति दिल्ली से उसे अपने साथ लेकर गया, उसे नशीला पदार्थ दिया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई।

इस बीच, दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने घटना के संबंध में दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। आयोग ने नोटिस में शुक्रवार तक प्राथमिकी की प्रति और आरोपियों का विवरण मांगा है। नोटिस में मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद महिला का शव उसके परिजन को सौंप दिया गया।

उन्होंने बताया कि गायिका के संबंधी, भीम आर्मी और अन्य दल के कुछ स्थानीय नेता जेपी कलां थाने में शव लेकर आए और पीड़िता से सामूहिक बलात्कार किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।

हालांकि, पुलिस ने बताया कि बलात्कार को लेकर अभी तक कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले महिला के दोस्त थे और गायिका ने इससे पहले रवि के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया था।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!