क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने गाड़ी में 10 पेटी अवैध देसी शराब सहित आरोपी को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : डीसीपी क्राइम मुकेश कुमार मल्होत्रा द्वारा अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के दिशा निर्देश के तहत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ऊंचागांव प्रभारी जगबीर सिंह की टीम ने अवैध शराब तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम सचिन है जो फरीदाबाद के बडोली गांव का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी पोलो गाड़ी में अवैध शराब भरकर सेक्टर 9 बाईपास रोड से होते हुए जाएगा। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने सेक्टर 9 बाईपास रोड पर आने जाने वाले वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। कुछ समय पश्चात ही आरोपी पोलो गाड़ी लेकर सर्वोदय चौक की तरफ से वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा परंतु पुलिस ने उसे मौके से काबू कर लिया। आरोपी गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से देसी शराब मस्ताना की 10 पेटी बरामद की गई। पूछताछ करने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया जिसके पश्चात आरोपी को पुलिस थाना सेक्टर 8 लाकर उसके खिलाफ अवैध शराब अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करके पूछताछ शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के काफी भैंसे हैं और वह दूध बेचने का काम करता है। आरोपी ने अपना मकान किराए पर दे रखा है और उसके पास काफी किराएदार रहते हैं। आरोपी ने अपने किरायेदारों को शराब बेचने के लिए लालच में आकर यह शराब किसी व्यक्ति से खरीदी थी जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस पूछताछ पूरी होने के पश्चात आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से अदालत के आदेशानुसार कानून के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!