क्रेडिट कार्ड से हेल्थ प्लान हटाने के नाम पर 1.23 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
गिफ्ट वाउचर के जरिए रकम को ठिकाने लगाने का तरीका आया सामने, साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई

फरीदाबाद : क्रेडिट कार्ड पर हेल्थ प्लान एक्टिव होने की बात कहकर उसे डिएक्टिवेट करने के नाम पर 1,23,700 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अरविंद कुमार निवासी उत्तम नगर, दिल्ली तथा तालिम असद निवासी गीता कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में ठगी की रकम को गिफ्ट वाउचर और मोबाइल खरीद-फरोख्त के जरिए ठिकाने लगाने की बात सामने आई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 12 सितंबर को उसके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड पर एक हेल्थ प्लान एक्टिव है, जिसके लिए हर माह 2,100 रुपये चार्ज किए जा रहे हैं। हेल्थ प्लान को बंद करने के नाम पर आरोपी ने उसके व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा।
शिकायतकर्ता ने आरोपी की बातों पर विश्वास करते हुए लिंक पर जाकर अपने क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी भर दी। इसके बाद कथित बैंक कर्मचारी के कहने पर उसने ओटीपी भी साझा कर दिया। ओटीपी मिलते ही साइबर ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड से कुल 1,23,700 रुपये निकाल लिए।
घटना के संबंध में साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अरविंद कुमार के पास उसके एक जानकारी द्वारा करीब 1,23,000 रुपये की कीमत के गिफ्ट वाउचर भेजे गए थे। अरविंद इन गिफ्ट वाउचर को क्रोमा सेंटर पर दिखाकर उनके बदले मोबाइल फोन व अन्य सामान खरीदता था। इसके बाद खरीदे गए मोबाइल फोन को वह कम कीमत पर आरोपित तालिम असद को बेच देता था। तालिम से प्राप्त रकम को अरविंद वापस साइबर ठगों तक पहुंचाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपित पहले एक मोबाइल शॉप पर काम करते थे। इसी दौरान दोनों की आपस में जान-पहचान हुई थी। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर साइबर ठगी की पूरी कड़ी तथा इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। अरविंद कुमार 8वीं कक्षा तक पढ़ा है, जबकि तालिम असद बीए पास है।



