गाड़ी पर फायरिंग करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने गांव मुजेसर स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर फायरिंग करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संस्कार गोदारा उर्फ संसु निवासी सेक्टर-23, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव मुजेसर निवासी विनोद जाखड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी उसके गांव मुजेसर स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी थी। 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5 बजे जब वह कार्यालय में सो रहा था, तभी बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए 4-5 युवकों ने उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर गोलियां चला दीं। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संस्कार की शिकायतकर्ता के साथ पहले से किसी बात को लेकर कहासुनी चल रही थी। वारदात से एक दिन पहले भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर मुंहवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी संस्कार अपने दोस्तों के साथ गाड़ी में सवार होकर शिकायतकर्ता के कार्यालय के बाहर पहुंचा और उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर फायरिंग की।

आरोपी को आगामी पूछताछ एवं वारदात में साक्ष्यों की बरामदगी के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!