2 शातिर वाहन चोर आरोपियों के साथ चोरी के वाहन खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार कर, 99500/-रू नगद और एक सोने का कड़ा बरामद

फरीदाबाद : डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादयान के द्वारा शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए 2 शातिर वाहन चोर और चोरी के वाहन खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी अजय उर्फ संजू उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले वृंदावन का रहने वाला है। आरोपी अरुण सिंह मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले का रहने वाला है। आरोपी वर्तमान में मथुरा जिले के वृंदावन में किराए पर रहता है। आरोपी पवन कुमार उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गांव मैदम का रहने वाला है। क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी अरुण को फरीदाबाद के सेक्टर 30 से, आरोपी पवन को आरोपी की कबाड़ी की दुकान मथुरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी अजय उर्फ संजू को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
आरोपी अरुण सिंह से पता चला है कि आरोपी ने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर थाना सेक्टर 17 के एरिया संत नगर से गाड़ी होंडा सिटी को रात के समय चोरी किया था। जिसमें 160000, सोने का कड़ा और एक आईफोन था। आरोपी अरुण और आरोपी अजय उर्फ संजू ने मिलकर थाना सेक्टर 8 के एरिया इंदिरा कॉलोनी से होंडा सिटी गाड़ी को, एक होंडा सिटी गाड़ी को एसपीएम नगर के टाउन नंबर 3 से चोरी किया था। आरोपियों से थाना सेक्टर 17 के मुकदमे में 53500/-रू, सेक्टर 8 के चोरी के मुकदमे में 21500, थाना एसजीएम नगर के चोरी के मुकदमे में 24500 नगद बरामद किए गए हैं।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अजय उर्फ संजू पहले फरीदाबाद में कंपनी में काम करता था। आरोपी कम समय में अधिक पैसे कमाने के लालच में आकर वाहन चोरी कर उन्हें बेचने का काम शुरू कर दिया। आरोपी पवन की कबाड़ी की दुकान मथुरा में है जिसने लालच में आकर चोरी की गाड़ी खरीदी थी।
थाना सेक्टर 17 के चोरी के मुकदमे में तीसरे आरोपी की तलाश है जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।



