निकिता के हत्यारों को फांसी की मांग को लेकर बल्लबगढ़ में प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

फरीदाबाद। फरीदाबाद के निकिता मर्डर केस को लेकर महापंचायत बुलाई गई। सर्व समाज महापंचायत में फैसला लिया गया कि 21 साल की निकिता की हत्या मामले में दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। इसी दौरान उग्र भीड़ ने फरीदाबाद-बल्लबगढ़ हाईवे जाम कर दिया।
निकिता तौमर के हत्यारों को फांसी देने की मांग को लेकर बल्लभगढ़ में प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भारी संख्या में लोग प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे थे। लेकिन पुलिस ने भी इस सूचना पर पहले से ही पूरी तैयारी कर रखी थी। जिसके चलते जैसे ही लोगों ने प्रदर्शन किया और सडक़ जाम करनी चाही तो पुलिस ने तत्काल लाठियां भांजनी शुरू कर दी।

गुरुवार को दोनों आरोपियों तौसीफ और रेहान को कोर्ट में पेश किया गया था। जिसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस ने दोनों को दो दिन की रिमांड पर रखा था। इस दौरान मर्डर में इस्तेमाल हथियार और गाड़ी को बरामद कर लिया गया। साथ ही हथियार देने वाले आरोपी अजरु को नूंह से गिरफ्तार किया था। फरीदाबाद के निकिता मर्डर केस की जांच करने के लिए पहले ही एसआईटी का गठन किया जा चुका है। पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह ने डीसीपी (क्राइम) की देखरेख में एसआईटी का गठन किया है। एसीपी (क्राइम) अनिल यादव एसआईटी के अध्यक्ष होंगे। टीम में 4 सदस्य होंगे। क्राइम ब्रांच प्रभारी अनिल, सब इंस्पेक्टर रामवीर, एएसआई कप्तान सिंह और प्रधान सिपाही दिनेश कुमार टीम का हिस्सा होंगे।



