फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोरी की एक गैंग का भंडाफोड़, चोरी की 5 मोटरसाइकिल बरामद
गैंग के दो सदस्य काबू, चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाला भी गिरफ्तार, पांच मामलों का खुलासा, क्राईम ब्रांच NIT की कार्रवाई

फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस द्वारा वाहन चोरों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अपराध शाखा एनआईटी की टीम ने एक वाहन चोरी की गैंग का भंडाफोड़ करते हुए उसके दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है साथ ही चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। गैंग के सदस्यों की पहचान मोहित व सुमित वासी गांव मेवला महाराजपुर फरीदाबाद के रुप में हुई है। चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाला अनुराग भी मेवला महाराजपुर का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार निरीक्षक अनिल, प्रभारी अपराध शाखा एनआईटी के नेतृत्व में एएसआई कुलदीप, हेड कांस्टेबल हरपाल, संदीप, कांस्टेबल सुमित व राहुल की टीम ने थाना सेक्टर-31 क्षेत्र के अंतर्गत एक मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए 22 अक्टूबर को मोहित वासी गांव मेवला महाराजपुर को गिरफ्तार किया था।
उन्होंने आगे बताया कि टीम द्वारा मोहित को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने साथी सुमित के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देता था तथा चोरी की मोटरसाइकिल को 8000 रुपये में अनुराग को बेच दिया। जिस पर कार्रवाई करते हुए क्राईम ब्रांच NIT की टीम ने उसके साथी सुमित व चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले अनुराग को भी गिरफ्तार कर लिया है। अनुराग से एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मोहित व सुमित की पूछताछ में अन्य स्थानों से भी वाहन चोरी करने का बात सामने आई। पुलिस जांच के दौरान आरोपितों से थाना कोतवाली के 2, सेक्टर 17 व एसजीएम नगर के एक-एक मोटरसाइकिल चोरी करने का खुलासा हुआ। अपराध शाखा की टीम ने उनकी निशानदेही पर मेवला महाराजपुर से 4 और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। तीनों आरोपितों को आज माननीय न्यायलय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।



