फरीदाबाद : मोस्टवांटेड इनामी बदमाश मनोज मांगरिया गिरफ्तार

फरीदाबाद : जेल से पैरोल पर आकर हत्या का आरोपित दो लाख का इनामी बदमाश मनोज मांगरिया क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव के हत्थे चढ़ गया। 23 दिसंबर 2020 को श्रमिक विहार सेक्टर-31 में गांव अमीपुर निवासी कारोबारी मनोज भाटी की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस मुकदमे में मांगरिया नामजद आरोपित था और तभी से फरार था। भाटी की हत्या के बाद पुलिस आयुक्त ओ पी सिंह ने मांगरिया पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। जिले की सभी क्राइम ब्रांच मनोज मांगरिया की सरगर्मी से तलाश कर रही थीं। बुधवार को क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव को मांगरिया की ग्रेटर फरीदाबाद इलाके में मौजूदगी की सूचना मिली। क्राइम ब्रांच प्रभारी जगमिदर ने टीम गठित कर उसे दबोच लिया। क्राइम ब्रांच आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
सेक्टर-31 में दर्ज मुकदमे के अनुसार 23 दिसंबर को कारोबारी मनोज भाटी अपने दोस्त के कार्यालय पर गए थे। वहां कोरोला और फाच्र्यूनर कार सवार बदमाशों ने उनकी स्कार्पियो कार का पीछा किया। सेक्टर-31 श्रमिक विहार में आठ-दस बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। मनोज के भाई हेमराज ने बताया कि मनोज मांगरिया यमुना किनारे स्थित उनकी तीन एकड़ जमीन हड़पना चाहता था। मनोज भाटी ने इसका विरोध किया तो उसने गुर्गों के साथ उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने मनोज मांगरिया सहित 16 लोगों को मनोज भाटी की हत्या व साजिश रचने का आरोपित बनाया है। बाकियों में रोहित, रवि, सतबीर, रामसिंह, हिमांशु, कौशिदर, विक्की, विकास, हरपाल, अशोक, सोनू, धर्मेंद्र, आर्यन उर्फ बिट्टू, धीरेंद्र कुमार और अजय के नाम शामिल हैं। इनमें से अशोक, विकास, धर्मेंद्र, सोनू, आर्यन उर्फ बिट्टू और अजय को पुलिस पहले गिरफ्तार कर चुकी है। कुछ दिन पहले ही पुलिस ने इस मुकदमे में 600 पन्ने की चार्जशीट अदालत में पेश की है। मनोज मांगरिया पश्चिमी यूपी के कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी का गुर्गा है। उम्रकैद का सजायाफ्ता है मांगरिया।
साल 2013 में जिला अदालत परिसर में गांव बदरौला निवासी शशि नागर की गोलियों से भूनकर हत्या हुई थी। इस मुकदमे में मनोज मांगरिया को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। पिछले दिनों कोरोना संक्रमण के चलते वह पैरोल पर जेल से बाहर आया था। इसी दौरान उस पर मनोज भाटी की हत्या का आरोप लगा। मनोज मांगरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी व साथियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए आरोपित को रिमांड पर लिया जाएगा।



