जुलाई 2021 में आसमान से बिजली गिरने के कारण सिपाही सुभाष की मृत्यु होने पर उनके परिजनों को दिया 30 लाख रूपए का चेक

फरीदाबाद: पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर 21c में पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने पिछले वर्ष जुलाई माह में आसमान से बिजली गिरने के कारण सिपाही सुभाष चंद की मृत्यु होने पर उनके परिजनों के आर्थिक सहायता के लिए एचडीएफसी बैंक की तरफ से 30 लाख रुपए का चेक उनके परिजनों को प्रदान किया। इस अवसर पर एचडीएफसी बैंक मैनेजर सचिन अरोड़ा तथा विपिन गुप्ता वेलफेयर इंस्पेक्टर नवीन कुमार मौजूद थे।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सिपाही सुभाष चंद्र का जन्म वर्ष 1982 में कुरुक्षेत्र के चढूनी जाटान गांव में हुआ था। मार्च 2019 में उन्होंने पुलिस विभाग में बतौर सिपाही ज्वाइन किया था। पुलिस विभाग में भर्ती होने से पहले सुभाष ने भारतीय फौज में अपने सेवाएं प्रदान की थी।
पिछले वर्ष जुलाई 2021 सिपाही छुट्टी लेकर अपने गांव गया हुआ था। खेतों में काम करते वक्त अचानक से आसमान से बिजली गिरी जिसकी वजह से सिपाही की मृत्यु हो गई। सिपाही के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे है। उनकी आर्थिक सहायता के लिए पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने आज एचडीएफसी बैंक की तरफ से 30 लाख रूपए का चेक सिपाही सुभाष की पत्नी अनीता देवी को प्रदान करते हुए उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त किया तथा उनके परिवार को सांत्वना देकर उनका हौसला बढ़ाया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि संसार में ऐसी कोई दौलत नहीं है जो किसी इंसान को वापस ला सके परंतु सांसारिक जीवन में अनेक प्रकार की समस्याएं होती हैं जिन्हें सुलझाने के लिए कई बार आर्थिक मदद की आवश्यकता होती है। यह आर्थिक सहायता उनके जीवन में आने वाली समस्याओं को थोड़ा कम कर सकती हैं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि यदि उनके परिजनों को कभी भी किसी भी प्रकार की मदद की आवश्यकता पड़े तो वह बेझिझक उनसे संपर्क कर सकते हैं। सिपाही सुभाष का देश सेवा में यह योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।



