रोज गार्डन में महिलाओं पर कमेंटबाजी करते 6 मनचलों को महिला थाना एनआईटी व दुर्गा शक्ति की टीम ने किया काबू

फरीदाबाद : महिला थाना एनआईटी प्रभारी इंस्पेक्टर माया व दुर्गा शक्ति की टीम ने रोज गार्डन में महिलाओं को परेशान करने वाले 6 मनचलों को काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि दुर्गा शक्ति की टीम ने मनचलों द्वारा रोज गार्डन में महिलाओं को परेशान करने के मामले में महिला पुलिस ने 6 मनचलों को काबू किया है। दुर्गा शक्ति पीसीआर 5 की टीम रोज गार्डन के बाहर सादी वर्दी में उपस्थित थी कि कुछ लडक़े गेट के बाहर बिना वजह खड़े हुए थे। जब लड़कियां पार्क से बाहर आने लगी तो मनचलों ने लड़कियों को देखकर उन पर कमेंट करना शुरू कर दिया। दुर्गा शक्ति की टीम लडक़ों द्वारा की जा रही इस हरकत को देख रही थी जिन्होंने लडक़ों को मौके से काबू कर लिया। मनचलों को महिला थाना लाया गया और उनके माता-पिता को थाने बुलाकर उनके लडक़ों द्वारा की है इस नीच हरकत के बारे में उन्हें बताया।
थाना प्रभारी ने लडक़ों को समझाया कि उनकी वजह से लड़कियों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनकी वजह से लड़कियों के माता-पिता उन्हें स्कूल भेजने से झिझकते हैं। लडक़ों द्वारा की जाने वाली इस प्रकार की छिछोरी हरकतें लड़कियों को आहत करती हैं इसलिए ध्यान रहे कि आगे से इस प्रकार की हरकतें ना करें अन्यथा उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।



