‘मेक इट हैपेन’ नामक गतिविधि के तहत 200 से अधिक कम्बलों का वितरण

फरीदाबाद, 10 जनवरी। लक्ष्मी विलास बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन की दिल्ली एनसीआर यूनिट के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एनसीआर क्षेत्र में इन दिनों पड़ रही कड़ाके की सर्दी से गरीब, असहाय व जरूरतमंदों को निजात दिलाने के लिए नयी दिल्ली के संतनगर स्थित शेल्टर होम में ‘मेक इट हैपेन’ नामक गतिविधि के तहत 200 से अधिक कम्बलों का वितरण किया। उक्त जानकारी देते हुए लक्ष्मी विलास बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि एक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में उनकी एसोसिएशन हमेशा अच्छे काम के साथ एक नया साल शुरू करती आई है। हर साल जनवरी महीने के दौरान पेड़-पौधे रोपण, वॉल पेंटिंग, कंबल वितरण, दवाइयां, वृद्ध नागरिकों के लिए घरेलू उपकरण, अनाथालय के स्कूल में भोजन तथा बच्चों को आर्थिक अनुदान आदि सामाजिक गतिविधि करते हैं।
इसी अभियान के तहत एसोसिएशन की दिल्ली यूनिट ने वीरवार को शेल्टर होम, संतनगर, नई दिल्ली में ‘मेक इट हैपेन’ नाम की गतिविधि का सफलतापूर्वक संचालन किया और दिल्ली के ठंड के मौसम में जरूरतमंद लोगों को 200 से अधिक कम्बल वितरित किए। राजेश कुमार ने कहा कि मानव सेवा करना सबसे पुण्य का कार्य है। निस्वार्थ भाव से की गई सेवा से दिल को सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की किसी रूप में सहायता करना हर मानव का नैतिक कर्तव्य है जिससे की वे भी समाज में सम्मानपूर्वक अपना जीवन निर्वहन कर सकें। कुमार ने कहा कि दूसरों की मदद करने वालों के घरों में ही लक्ष्मी वास करती है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को किसी न किसी रूप में कम से कम एक जरूरमंद की मदद अवश्य करनी चाहिए। इस कार्यक्रम में लक्ष्मी विलास बैंक के सभी अधिकारियों ने भाग लिया और इसे सफल बनाया।
कार्यक्रम में गुरुग्राम से राजेश कुमार एवं सुशील फरीदाबाद से बैंक अधिकारी जतिन व दिव्यांशु, कालकाजी से रौशन तिवारी, रोहिणी से आशुतोष तथा शालीमार बाग से मोहित आदि अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



