बुखारपुर गाँव स्थित वृद्ध आश्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन

फरीदाबाद : मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स फरीदाबाद ने स्वस्थ समुदाय का निर्माण करने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत बुखारपुर गाँव स्थित वृद्ध आश्रम में ग्राम पंचायत के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का आयोजन किया। शिविर में लगभग 53 असहाय और जरूरतमंद बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच की गई। चिकित्सकों की टीम ने बुजुर्गों की सामान्य स्वास्थ्य जाँच कर बिना किसी शुल्क के आवश्यक परामर्श दिया।
इस अवसर पर रक्तचाप, शुगर, हृदय संबंधी समस्याएं, जोड़ों का दर्द और अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। कई बुजुर्गों को नियमित दवा लेने, संतुलित आहार लेने एवं खासकर सुबह के समय नियमित सैर, व्यायाम करने की सलाह भी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि वृद्धावस्था में नियमित स्वास्थ्य जांच बहुत जरूरी है क्योंकि छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याएं समय पर इलाज न मिलने पर गंभीर रूप ले सकती हैं।

शिविर में पहुंचे बुजुर्गों, बुखारपुर गाँव की वर्तमान सरपंच मधु और समस्त गाँव के लोगों ने मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स की इस पहल की सराहना की।
डॉ. नवनीत सिंह छाबड़ा, फैसिलिटी डायरेक्टर, मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स, फरीदाबाद ने कहा, “ मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स फरीदाबाद द्वारा इस तरह के शिविरों के आयोजन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि उन्हें बेहतर जीवन मिल सके।”



