दिव्यांग बच्चों को स्टेशनरी वितरित कर दिया शिक्षा व सेवा का संदेश

पत्रकार विनोद पाली ने भी अपना जन्मदिन दिव्यांग बच्चों के बीच जाकर मनाया

फरीदाबाद : वासी प्रवासी कल्याण एसोसिएशन, अजीत फाउंडेशन एवं भारती चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में चेतना वेलफेयर सोसाइटी के दिव्यांग बच्चों के लिए स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।

इस अवसर पर मुख्य रूप से डीएसपी रेलवे राजेश चेची उपस्थित रहे। उनके साथ अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा बबली, डॉ. धर्मेंद्र नांदल, डॉ. आर.एस. सैनी, रेखा शर्मा, कैलाश शर्मा, दुर्गेश मिश्रा, विष्णु सहित अनेक गणमान्यो ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

अतिथियों ने दिव्यांग बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग का दायित्व है कि वह दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सर्वांगीण विकास में अपना सहयोग दे। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और जरूरतमंद बच्चों का मनोबल बढ़ाने का कार्य करते हैं।

वहीं पत्रकार विनोद पाली ने भी अपना जन्मदिन दिव्यांग बच्चों के बीच जाकर मनाया। बच्चों ने भी एक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया व बच्चों के चेहरों पर खुशी देख सभी का मन प्रसन्न हो उठा।

कार्यक्रम के आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!