मंदिर के पुजारी की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
नशा करने से रोकने पर पुजारी से की मारपीट, पत्थर का सिल-बट्टा सिर में मारकर उतारा मौत के घाट

- अपराध शाखा DLF की टीम ने दोनों आरोपियों को दबोचा, वारदात में चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आई
फरीदाबाद, 28 सितंबर। सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर किनारे मंदिर के पास पुजारी की हत्या के मामले का अपराध शाखा DLF की टीम ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मंदिर के पास नशा करने से रोकने को लेकर आरोपितों ने पुजारी के साथ मारपीट की। इसी दौरान पत्थर के सिल-बट्टा से सिर में चोट मारकर पुजारी गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे पुजारी की मृत्यु हो गई। इसके बाद आरोपित मंदिर से पुजारी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
अमन यादव, सहायक पुलिस आयुक्त अपराध ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि 30/31 अगस्त की रात सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर के साथ सुनसान जगह पर बने मंदिर के पास पुजारी ओमप्रकाश (65) की सिर में चोट मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चाचा के लड़के अशोक कुमार, निवासी अहीरवाड़ा ओल्ड फरीदाबाद, की शिकायत पर थाना सेक्टर-31 में हत्या की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया, अपराध शाखा डीएलएफ की टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही थी।
उन्होंने आगे बताया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं, एक ही कॉलोनी में रहते हैं और नशा करने के आदी हैं। पूछताछ में सामने आया कि 30 अगस्त की रात को वे अपने दो अन्य साथियों के साथ सेक्टर-30 बाईपास रोड कट के पास नहर किनारे मंदिर के पास नशा कर रहे थे। इसी दौरान पुजारी वहां पहुंचा और उन्हें नशा करने से मना करते हुए वहां से जाने को कहा गया। इसी को लेकर आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया।
चारों आरोपी पुजारी के पीछे मंदिर के पास पहुंचे, उसके साथ मारपीट की और पत्थर के सिल-बट्टा से पुजारी के सिर में चोट मारी, जिससे पुजारी की मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपी पुजारी का सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
उन्होंने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशिफ उर्फ टीटी (20), निवासी गांव हुसैनी, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश, हाल किसान मजदूर कॉलोनी, बाईपास रोड, फरीदाबाद तथा आशिफ उर्फ कालिया (34), निवासी गांव बामनी, थाना जुरहेड़ा, जिला भरतपुर, राजस्थान, हाल किसान मजदूर कॉलोनी, बाईपास रोड, फरीदाबाद के रूप में हुई है। दोनों आरोपी ऑटो चलाने का काम करते हैं। नशा करने की आदी हैं। आशिफ उर्फ टीटी के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट और चोरी सहित तीन मामले दर्ज हैं।
घटना में दो अन्य आरोपित भी संलिप्त हैं, जिनकी पहचान की कर ली गई है, उनको भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।



