मीडिया विभाग द्वारा सोशल वर्क के विद्यार्थियों के लिए आयोजित सात दिवसीय ग्रामीण शिविर का समापन

वास्तविक परिस्थितियों को समझने का सबसे सशक्त माध्यम है फील्ड वर्क: कर्नल गोपाल सिंह

  • समुदाय के बीच जाकर उनकी समस्याओं,आवश्यकताओं एवं परिस्थितियों को समझना बेहद जरूरी: प्रो.पवन सिंह

फरीदाबाद, 3 नवंबर : जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा सोशल वर्क के विद्यार्थियों के लिए आयोजित सात दिवसीय ग्रामीण शिविर का समापन समारोह संपन्न हुआ। इस शिविर ने विद्यार्थियों को सामुदायिक जीवन, सामाजिक समस्याओं, जनसहभागिता एवं सामाजिक कार्य की व्यावहारिक प्रक्रियाओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

दयालपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत कर्नल गोपाल सिंह तथा विशिष्ट अतिथि स्कूल के प्रधानाध्यापक रहे। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए चित्रों एवं संसाधन मानचित्रण प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रचनात्मक प्रस्तुतियों को प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरप्रसाद ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाले अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। उन्होंने कहा कि बीएसडब्ल्यू विद्यार्थियों एवं शिविर समन्वयक के प्रयासों से बच्चों को सीखने के नए अवसर मिले और उनकी शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला।

शिविर समन्वयक डॉ.अखिलेश त्रिपाठी ने सात दिवसीय ग्रामीण शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों, सामुदायिक सहभागिता, शैक्षणिक कार्यक्रमों एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान बीएसडब्ल्यू विद्यार्थियों द्वारा सामाजिक कुरीतियों एवं जन जागरूकता से संबंधित विषय पर नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया गया, जिसके माध्यम से ग्रामीण समुदाय को महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने की। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ एक रोचक गतिविधि आयोजित कर संवाद एवं सहभागिता का वातावरण बनाया। अपने संबोधन में उन्होंने सामाजिक कार्य की व्यावहारिक प्रकृति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामाजिक कार्य केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए समुदाय के बीच जाकर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं परिस्थितियों को समझना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य अतिथि सेवानिवृत कर्नल गोपाल सिंह ने अपने विचारोत्तेजक संबोधन में वास्तविक जीवन में सामाजिक कार्य की भूमिका एवं महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि फील्ड वर्क विद्यार्थियों के लिए वास्तविक परिस्थितियों को समझने और उनसे सीखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। केवल कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि समुदाय के बीच कार्य करने से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की वास्तविक समझ विकसित होती है।

कार्यक्रम में डॉ.नरेंद्र कुमार ने सभी का धन्यवाद व्यक्त किय। राष्ट्रगान के साथ समापन समारोह का औपचारिक समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!