रोडरेज विवाद में दो युवकों पर जानलेवा फायरिंग, अपराध शाखा सेक्टर-30 ने आरोपी को किया गिरफ्तार

आरोपी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से किए थे चार राउंड फायर, प्रशांत की छाती और प्रिंस की गर्दन में लगी थी गोली

  • वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा गाड़ी, लाइसेंसी रिवाल्वर, 7 जिंदा कारतूस और 4 खाली खोल बरामद

फरीदाबाद : गाड़ी को साइड देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद के दौरान एक युवक ने रिवाल्वर निकालकर फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में भारत कॉलोनी निवासी प्रशांत की छाती और प्रिंस की गर्दन में गोली लगी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी जसवंत निवासी भारत कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता अनुसार शिकायतकर्ता पीयूष निवासी भारत कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 नवम्बर की रात करीब 9:20 बजे वह अपने चचेरे भाई प्रशांत, प्रिंस और तुषार के साथ स्विफ्ट गाड़ी में दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहा था। रास्ते में सामने से आ रही ब्रेजा गाड़ी को साइड देने के लिए लाइट देने पर चालक जसवंत ने अपनी गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे लगाकर रास्ता रोक लिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस दौरान जसवंत ने गाली-गलौज करते हुए रिवाल्वर निकाल और प्रशांत व प्रिंस को जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। शिकायत के आधार पर थाना खेड़ीपुल में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जसवंत को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गाड़ी को साइड देने के विवाद में उसने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से चार राउंड फायर किए थे, जिनमें प्रशांत व प्रिंस को गोली लगी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर, 7 जिंदा कारतूस तथा ब्रेजा गाड़ी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!