पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान में फरीदाबाद पुलिस की तत्परता, कल्याण संगोष्ठी में 80 प्रतिशत से अधिक सुझावों का मौके पर ही निपटारा

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई ‘सी’ स्तरीय कल्याण संगोष्ठी।

  • पुलिसकर्मियों की ओर से रखे गए 9 सुझावों पर हुई चर्चा, संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश।
  • थाना, चौकी और पुलिस कार्यालयों में मूलभूत सुविधाएं बेहतर बनाने पर दिया जोर।

फरीदाबाद : पुलिसकर्मियों के कल्याण, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 14 नवम्बर को कार्यालय पुलिस आयुक्त, सेक्टर-21सी में ‘सी’ स्तरीय कल्याण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। पुलिस आयुक्त श्री सतेंद्र कुमार गुप्ता, आईपीएस की अध्यक्षता में आयोजित इस संगोष्ठी में पुलिस कर्मचारियों की ओर से रखे गए 9 सुझावों में से 80 प्रतिशत से अधिक का मौके पर ही समाधान किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि संगोष्ठी में थाना सेक्टर-58, थाना डबुआ, थाना शहर बल्लभगढ़ और महिला थाना एनआईटी सहित विभिन्न इकाइयों से संबंधित सुझाव रखे गए। इनमें पुलिस थानों एवं चौकियों में कुर्सी-मेज की व्यवस्था, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति तथा भवनों की मरम्मत सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषय प्रमुख रहे।

पुलिस आयुक्त ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश सुझावों का संगोष्ठी के दौरान ही समाधान किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, उच्च कार्यालयों एवं अन्य विभागों से संबंधित सुझावों के समाधान के लिए आवश्यक पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिसकर्मियों का कल्याण और उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे अधिक प्रभावी ढंग से अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर पाते हैं।

संगोष्ठी में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक, पुलिस उपायुक्त अपराध जयवीर राठी, पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल राजेश मोहन, सभी सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी, अपराध शाखाओं के प्रभारी तथा संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!