तिगांव के मिर्जापुर में नहीं बनेगा कूड़ाघर : राजेश नागर
मंत्री राजेश नागर की पहल पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, मेयर प्रवीण बत्रा जोशी और निगम आयुक्त ने लिया फैसला

- कूड़ा निस्तारण के लिए अन्य स्थानों की तलाश जारी रखेगा नगर निगम
फरीदाबाद । तिगांव विधानसभा क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में अब कूड़ाघर या कूड़ा डंपिंग यार्ड नहीं बनाया जाएगा। प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर की पहल पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी और नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने एक बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
मिर्जापुर में कूड़ा डंपिंग यार्ड बनाए जाने के प्रस्ताव को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी थी। ग्रामीणों की भावनाओं और उनकी मांग को देखते हुए मंत्री राजेश नागर ने इस मामले को गंभीरता से उठाया और स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के साथ बैठक कर समाधान का रास्ता निकाला। बैठक में तय किया गया कि नगर निगम फरीदाबाद कूड़े के निस्तारण के लिए मिर्जापुर के स्थान पर किसी अन्य उपयुक्त जगह की तलाश जारी रखेगा।
बैठक में कूड़ा निस्तारण से जुड़ी अन्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि भाकरी में कूड़ा निस्तारण से संबंधित परियोजना पर न्यायालय द्वारा लगाई गई रोक के खिलाफ सरकार दोबारा अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। इसके अलावा बड़खल विधानसभा क्षेत्र में पुराने बिजली उत्पादन केंद्र की जमीन पर भी कूड़ा डंपिंग यार्ड विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा।
वहीं, प्रतापगढ़ में कूड़ा निस्तारण के लिए प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया में भी तेजी लाई जाएगी। नगर निगम को निर्देश दिए गए कि शहर में लगातार बढ़ रही कूड़े की समस्या के स्थायी समाधान के लिए उपलब्ध सरकारी जमीनों और अन्य संभावित स्थानों की तलाश जारी रखी जाए। इस बैठक में नगर निगम फाइनेंस कमेटी के सदस्य एवं अन्य निगम अधिकारी भी मौजूद रहे।
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि स्थानीय जनता के विचारों को गंभीरता से लेते हुए हमारे साथी मंत्री विपुल गोयल ने इस पर आगे बढ़कर पहल की। इसका नतीजा आज सभी के चेहरे पर खुशी के रूप में सामने आया है। स्थानीय लोगों की मांग एकदम जायज थी वहीं क्षेत्र का कूड़ा भी कहीं ना कहीं निस्तारित किया जाना आवश्यक है। इसके लिए नगर निगम ऐसे स्थान का चयन करेगा जहां पर कूड़ा डालने या निस्तारित करने से किसी प्रकार का प्रदूषण न हो और स्थानीय लोगों को दिक्कत ना हो।



