28 नवंबर को फरीदाबाद विधानसभा में होगा संत रविदास समरसता संकल्प अभियान कार्यकम का भव्य आयोजन : विपुल गोयल

फरीदाबाद में संत रविदास समरसता संकल्प अभियान कार्यकम में फरीदाबाद, गुरुग्राम एवं नूहूँ जिले से पहुंचेंगे हजारों लोग

संत रविदास जी का संदेश समाज को समरसता, समानता और एकता के सूत्र में पिरोने वाला है : विपुल गोयल

संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचार आज भी हैं सामाजिक सद्भाव और समरसता के मार्गदर्शक : विपुल गोयल

संत रविदास जयंती की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल पर संपन्न हुई फरीदाबाद, गुरुग्राम एवं नूहूँ जिले की संयुक्त बैठक

फरीदाबाद । आगामी 28 नवंबर को आयोजित होने वाले संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जयंती कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की जिला फरीदाबाद, जिला फरीदाबाद महानगर, नूहूँ, गुरुग्राम एवं गुरुग्राम महानगर जिले की संयुक्त बैठक भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल पर आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं, जनसहभागिता और अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक विपुल गोयल ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा हरियाणा सहित देशभर में ‘संत गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। यह सात महीने का राष्ट्रव्यापी अभियान 29 जुलाई 2026 से शुरू हुआ था और इसी क्रम में 28 नवंबर को फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत विशाल भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें फरीदाबाद, गुरुग्राम एवं नूहूँ जिले के लोगों के शामिल होने की अपेक्षा है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी तथा व्यापक स्तर पर जनसंपर्क और सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में विपुल गोयल ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जीवन, उनके विचारों और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी ने अपने विचारों एवं वाणी के माध्यम से समाज को जाति-पाति, ऊंच-नीच, भेदभाव और सामाजिक विषमताओं से ऊपर उठकर मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनका दर्शन एक ऐसे समाज की परिकल्पना करता है जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अधिकार और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हों।

विपुल गोयल ने कहा कि संत रविदास जी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। उनकी शिक्षाएं समाज में समरसता स्थापित करने, आपसी सद्भाव बढ़ाने और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करना और उन्हें अपने जीवन एवं व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान है।

उन्होंने कहा कि संत रविदास समरसता संकल्प अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में समानता, सामाजिक सद्भाव, एकता और समरसता की भावना को मजबूत करने का व्यापक अभियान है। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों एवं आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

बैठक में राष्ट्रीय परिषद् सदस्य संदीप जोशी, प्रदेश महामंत्री भाजपा गोपाल शर्मा, बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, विधायक मुकेश शर्मा, विमला चौधरी, भाजपा फरीदाबाद जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, भाजपा फरीदाबाद महानगर जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजित यादव, नूहूँ जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह, रविदास जयंती समरसता अभियान जिला टोली सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!