चुनावी धांधली के खिलाफ कल जंतर-मंतर पर जुटेंगे देशभर के कार्यकर्ता : रविंद्र फौजदार

फरीदाबाद 9 अक्टूबर : आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रविंद्र फौजदार ने कहा कि चुनावी अनियमितताओं के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कल दिल्ली के जंतर-मंतर पर देशभर से आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इस विरोध प्रदर्शन में फरीदाबाद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

रविंद्र फौजदार ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए हवन के बाद कार्यकर्ताओं में कल के कार्यक्रम को लेकर उत्साह है और सभी साथी तैयारियों में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। चुनावी धांधली से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा चुनाव आयोग को जनता के प्रति अपनी जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि मेट्रो और परिवहन सेवाओं में संभावित बाधाओं को देखते हुए कार्यकर्ता पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं और उपलब्ध साधनों के माध्यम से दिल्ली पहुंचें। उन्होंने सभी साथियों से शांतिपूर्ण, अनुशासित और एकजुट होकर कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।

रविंद्र फौजदार ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के वोट की ताकत सर्वोपरि है। चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर उठने वाले सवालों का जवाब देना जरूरी है। उन्होंने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच हो और जवाबदेही तय की जाए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!