फरीदाबाद लोक सभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी चौ. महेन्द्र प्रताप ने भरा नामांकन पत्र
करण सिंह दलाल ने दिया महेन्द्र प्रताप को समर्थन, कहा तन-मन से श्री प्रताप की मदद करेंगे और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएंगे

फरीदाबाद (मनीष शर्मा) : लोकसभा आम चुनाव-2024 को लेकर 10-फरीदाबाद लोकसभा के लिए गत सोमवार को अधिसूचना जारी करने के साथ ही आम चुनाव के लिए नामांकन का कार्य भी शुरू हो गया था। इसी कड़ी में शुक्रवार को फरीदाबाद लोक सभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवा चौ. महेन्द्र प्रताप ने नामांकन पत्र भर दिया है। श्री प्रताप का कहना है कि नामांकन सभा में उमड़े जन सैलाब ने यह बता दिया है कि फरीदाबाद की जनता को बदलाव चाहिए। यह जनसैलाब उम्मीदों का जनसैलाब है, यह जनसैलाब विश्वास का जनसैलाब है। हमें उम्मीद है कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

वहीं दूसरी ओर करण सिंह दलाल ने महेन्द्र प्रताप को समर्थन दिया है और कहा है कि हम तन-मन से श्री प्रताप की मदद करेंगे और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएंगे।
आपको बता दें कि फरीदाबाद लोकसभा के लिए ताल ठोंकने वाले कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र प्रताप सिंह करोड़ पति हैं। उन्होंने नामांकन पत्र में अपनी चल-अचल संपत्ति के बारे में विवरण दिया। विवरण के अनुसार कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी के पास 85.9 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है और 1.57 करोड़ की चल संपत्ति है। इस प्रकार उनके पास 87.47 करोड़ की कुल संपत्ति है। इसके अलावा उनके पास शानदार लग्जरी वाल्वो कार भी है। इसके अलावा सात अन्य प्रत्याशियों ने भी नामांकन के दौरान अपनी संपत्ति का ब्यौरा दिया है।

25 मई चुनाव की तिथि नजदीक आती जा रही है वैसे ही चुनावी सरगर्मी भी बढ़ती जा रही है। 3 मई को आठ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इससे पूर्व तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में ताल ठोंक चुके हैं। सभी प्रत्याशियों ने नामांकन के साथ अपनी संपत्ति का ब्यौरा भी दिया है। अब तक हुए 11 नामांकन में कांग्रेस प्रत्याशी सबसे अधिक धनवान प्रत्याशी की श्रेणी में आ गए हैं। इनके अलावा कुछ अन्य प्रत्याशी भी करोड़पति की लिस्ट में शुमार हैं। हालांकि, अभी नामांकन के लिए शनिवार और सोमवार को दो दिन शेष हैं। इनमें तीन बड़े दलों के प्रत्याशी अभी नामांकन कर अपनी संपत्ति का ब्यौरा देंगे। इनमें भाजपा से कृष्णपाल गुर्जर, इनेलो से सुनील तेवतिया और बसपा से किशन ठाकुर हैं।

महेद्र प्रताप सिंह-भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
महेंद्र प्रताप सिंह के पास 87 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 67 लाख की वोल्वो कार, पति-पत्नी के नाम 4 लाख 82 हजार नकद रुपये हैं। पति-पत्नी के नाम बैंक खाते में 18 लाख रुपये हैं। इनके पास 40 ग्राम सोना और पत्नी के पास 900 ग्राम सोना है। इसके अलावा 5 किलो चांदी भी है। कांग्रेस प्रत्याशी के पास मथुरा में 6.5 एकड़ जमीन है, इसकी कीमत करीब एक करोड़ 20 लाख की है। इसके अलावा फरीदाबाद के नवादा गांव में 2 एकड़ जमीन है। इसके अलावा डबुआ कालोनी में ढाई एकड़ कृषि जमीन है। मेवला महाराजपुर में डेढ़ एकड़ कृषि जमीन मौजूद है। प्रत्याशी के पास 30 कनाल भूमि पर कॉमर्शियल बिल्डिंग भी बनी है। महेंद्र प्रताप सिंह के पास पंचकुला और ग्रेटर फरीदाबाद में एक-एक फ्लैट हैं।



